पटना:
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) की समाधान यात्रा (Samadhan Yatra) आज से शुरू हो चुकी है। कड़ाके की ठंड के बीच सीएम नीतीश आज बगहा से दरुआबाड़ी गांव पहुंचे हैं। उन्होंने यहां सरकारी योजनाओं का हाल जाना। इस दौरान नीतीश कुमार का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि बजट सत्र के बाद मैं देश की यात्रा पर निकलूंगा। नीतीश कुमार ने कहा कि पहले अपने राज्य का विकास देख रहे हैं। यहां के सारे काम पूरे करने के बाद देश की यात्रा पर जाऊंगा।

विकास कार्यों की प्रगति और योजनाओं का करेंगे जायजा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यात्रा को लेकर ट्विटर पर लिखा है कि समाधान यात्रा के तहत बिहार में विकास कार्यों की प्रगति और योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लेने हेतु आज से राज्य के विभिन्न जिलों की यात्रा करूंगा। इस यात्रा में महत्वपूर्ण योजनाओं का निरीक्षण, चिह्नित समूहों के साथ बैठक तथा जिलास्तरीय समीक्षा बैठक की जाएगी। इससे विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा लोगों की समस्याओं का समाधान होगा।
(2/2) इस यात्रा में महत्वपूर्ण योजनाओं का निरीक्षण, चिह्नित समूहों के साथ बैठक तथा जिलास्तरीय समीक्षा बैठक की जाएगी। इससे विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा लोगों की समस्याओं का समाधान होगा।
— Nitish Kumar (@NitishKumar) January 5, 2023
16 दिनों में 18 जिलों में जाएंगे सीएम
बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यात्रा बगहा से शुरू कर दी है। यात्रा के दौरान सीएम नीतीश कुल 16 दिनों में 18 जिलों में जाएंगे। यात्रा के दौरान सीएम पटना से 9 रात बाहर गुजारेंगे। समाधान यात्रा के जारी रोड मैप के मुताबिक, पूर्णिया एक ऐसा जिला है, जहां नीतीश कुमार रात में रुकेंगे लेकिन भ्रमण नहीं करेंगे। मुख्यमंत्री किशनगंज में यात्रा पूरी कर पूर्णिया आएंगे और रात में यहीं रुकेंगे। इसके अगले दिन कटिहार घूमते हुए खगड़िया में रात्रि विश्राम करेंगे। खगड़िया के बाद नीतीश कुमार बेगूसराय में बिना कार्यक्रम के पटना लौट जाएंगे।
